आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के मई बाजार में युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 22 जून को मई बाजार में खाने-पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसी दौरान सुमित सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना बक्शा में मुकदमा संख्या 336/26 धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतीश कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर परमानंद कुशवाहा के पर्यवेक्षण में बक्शा पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर नेपालनगर स्कूल के समीप घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम गौतम (19 वर्ष) पुत्र अशोक गौतम तथा शनी गौतम (21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अमरजीत गौतम निवासी ग्राम मई, थाना बक्शा के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई थी और तकनीकी एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। पुलिस ने दावा किया है कि हत्या की वारदात में शामिल मुख्य आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मामले का शीघ्र खुलासा कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण यादव, कांस्टेबल अम्बिकेश दीक्षित तथा कांस्टेबल हिमांशु सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
