आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मलमास माह के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव धाम वेलवाई में आयोजित माहभर चलने वाले धार्मिक मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जौनपुर सहित आसपास के कई जनपदों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान भुवनेश्वरनाथ महादेव के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।
मान्यता है कि शिव धाम वेलवाई में भगवान भुवनेश्वरनाथ महादेव स्वयंभू रूप में प्रकट हुए थे। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई पूजा-अर्चना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहता है।
मलमास के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव को हलवा-पूरी समेत विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित कर रहे हैं। दर्शन-पूजन के उपरांत भक्त प्रसाद ग्रहण कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम भी लगातार जारी है।
मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर महिलाओं की श्रृंगार सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और कृषि कार्य से जुड़े उपकरण श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। पूजा-अर्चना के बाद लोग अपनी आवश्यकतानुसार खरीदारी का भी आनंद ले रहे हैं।
शिव धाम परिसर में भगवान शिव के अतिरिक्त बजरंगबली, शनिदेव, मां अंबे तथा पोखरे के किनारे स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर भी श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। भक्त महादेव के दर्शन के बाद इन मंदिरों में भी मत्था टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
देव दीप उत्थान सेवा समिति के सचिव एवं पूर्व प्रधान दिलीप मोदनवाल ने बताया कि शिव धाम वेलवाई एक अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है। उन्होंने कहा कि मलमास मेले के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक कर भगवान भुवनेश्वरनाथ महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए शाहगंज के समाजसेवी आनंद अग्रहरि द्वारा मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था कराई गई है। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सेवा और जनसुविधा का सराहनीय उदाहरण बताया है।
