आमिर, देवल ब्यूरो ,जंघई। जौनपुर जल संरक्षण को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं तथा लोगों से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील कर रही हैं। इसके विपरीत जंघई रेलवे स्टेशन पर पानी की बर्बादी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो संबंधित विभागों की लापरवाही को उजागर कर रहा है।
स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर स्थित जीआरपी और आरपीएफ चौकी के समीप लगी एक पानी की टोटी कई दिनों से खराब पड़ी है। टोटी से लगातार पानी बहने के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ नाली में जा रहा है। यात्रियों के अनुसार समस्या काफी दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि जिस स्थान पर टोटी खराब है, वह रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी चौकी के बिल्कुल निकट है। यहां से प्रतिदिन रेलवे कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन लगातार हो रही पानी की बर्बादी पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।
स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जहां कई क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति बनी रहती है, वहीं सार्वजनिक स्थान पर इस तरह पानी का बहना बेहद चिंताजनक है। उनका कहना है कि यदि समय रहते खराब टोटी की मरम्मत करा दी जाए तो प्रतिदिन होने वाली पानी की भारी बर्बादी को रोका जा सकता है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि जल संरक्षण केवल जागरूकता अभियान चलाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सरकारी विभागों और सार्वजनिक संस्थानों को भी इसके प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए। रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर पानी की इस तरह हो रही बर्बादी लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर रही है।
यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि खराब टोटी को तत्काल ठीक कराया जाए तथा स्टेशन परिसर में जल संरक्षण के प्रति आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके।
अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करता है।
