आमिर, देवल ब्यूरो ,नौपेड़वा (जौनपुर)। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में ग्राम समाज की जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुए विवाद ने बुधवार की रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
गुरुवार सुबह गांव पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस, पीएसी जवानों और अतिरिक्त पुलिस बल को गांव में तैनात किया गया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की लगातार निगरानी जारी रही ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मृतक अजय सिंह के बड़े भाई रमेश सिंह की तहरीर पर बक्शा पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे में राजेश शर्मा, संगत शर्मा, तेजबहादुर शर्मा, अंगद शर्मा, शशिकला शर्मा, सुनीता शर्मा तथा रमीला शर्मा को नामजद किया गया है।
तहरीर के अनुसार, बुधवार शाम ग्राम समाज की भूमि पर भैंस बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर अजय सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना में अखिलेश सिंह, आकृति सिंह, हिमांशु सिंह और शिवम सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तेजबहादुर शर्मा, शशिकला शर्मा, सुनीता शर्मा और रमीला शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उनका चालान कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
.jpeg)