देवल संवाददाता, लखनऊ।सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, चित्रकूट में पानी के लिए तरसते बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की दयनीय हालत देखकर भाजपा के विकास का दावा अंडरग्राउंड हो गया है। जनता कह रही है हमें आज पानी दे दीजिए, हम 2047 के विकसित भारत के सपने को लेकर क्या करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा का शासन रहेगा तब तक ‘जल जीवन मिशन’ की टंकियां गिरती रहेंगी और ‘हर घर जल’ का नारा दीवारों पर ही लिखा मिलेगा। अब फिर कोई किसी ‘स्वतंत्र’ को बंधक बनाएगा तो भाजपाई कहेंगे, ये ठीक नहीं किया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाए कि भाजपा सरकार में केवल बजट की लूट हुई है। सारा पैसा भाजपाईयों की कमीशनखोरी में बंट जाता है। इसीलिए कहीं पानी की टंकियां गिर रही हैं तो कहीं पुल गिर रहे हैं, और सड़कें टूट रही हैं।
आरोप लगाया कि भाजपा मां गंगा को भी साफ नहीं कर पायी। यमुना नदी का बुरा हाल है। नदियों की सफाई और शहर में नदी साफ बनाने के लिए लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट एक उदाहरण है। कहा कि सपा सरकार ने नदियों की सफाई के लिए ऐतिहासिक काम किया था। गोमती नदी पर विश्वस्तरीय रिवरफ्रंट बनाया गया। नदियों को साफ रखने का यही तरीका है।
