अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच की तैयारियों को लेकर स्पिनर कुलदीप यादव ने खुलकर बात की है। उनका कहना है कि इस समय उनका पूरा ध्यान रेड बॉल क्रिकेट खेलने पर है। कुलदीप ने ये भी स्वीकार किया है कि आईपीएल खेलने के तुरंत बाद अब टेस्ट क्रिकेट खेलना आसान नहीं है लेकिन इसके लिए वे पूरी तैयारी कर रहे हैं। यादव ने इस बात को भी माना कि रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की कमी खल सकती है।
अफगानी टीम के खिलाफ टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कुछ खिलाड़ियों को आराम दिया है। इसमें पटेल और जडेजा का नाम शामिल है, जो नियमित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। कुलदीप ने टीम में शामिल किए गए मानव सुथार और हर्ष दुबे पर भी बात की। उन्होंने इन दोनों की जमकर तारीफ की।
टेस्ट मैच की तैयारियों पर बोले कुलदीप
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले जियोस्टापर पर बात करते हुए कुलदीप ने कहा, "अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच की तैयारियां अच्छी चल रही हैं। अब तक हमारे दो नेट सेशन हो चुके हैं। जड्डू भाई यहां हैं, वो टेस्ट के नियमित खिलाड़ी हैं। हमें अक्षर पटेल की भी कमी खलेगी। हालांकि, हमारी तैयारी अच्छी चल रही है। युवा खिलाड़ी हर्ष दुबे और मानव सुधार यहां पर मौजूद हैं। वॉशिंगटन सुंदर भी नियमित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। वो टीम के माहौल में अच्छी तरह से ढल चुके हैं।"
स्टार स्पिनर ने आगे कहा, एक अटैकिंग स्पिनर के तौर पर मैं रेगुलर विकेट लेना चाहता हूं। मेरी बस यही सोच है। मेरा पूरा ध्यान फिलहाल रेड बॉल क्रिकेट खेलने पर है। आगे कई जरूरी टेस्ट सीरीज आने वाली है। खासकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की घर पर सीरीज होगी। ये सीरीज हमारे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में काफी अहम होने वाली है। हम श्रीलंका और न्यूजीलैंड में भी जाएंगे तो हमें कठिन चुनौतियों का सामना करना है। मेरा मानना है कि अगर आपके पास बेहतरीन स्पिन अटैक है, तो आप मैच का रुख बदल सकते हैं।"
IPL से आकर रेड-बॉल क्रिकेट खेलना मुश्किल: कुलदीप
यादव ने माना कि आईपीएल से आकर रेड-बॉल क्रिकेट खेलना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, "जब आप आईपीएल से रेड बॉल क्रिकेट में आते हैं, तो आपके लिए ये काफी मुश्किल होता है। किस्मत से मुझे समय मिल गया और मैंने कम से कम 10-15 दिन प्रैक्टिस और मेहनत की है। टेस्ट क्रिकेट में टी20 के मुकाबले बॉलिंग करना अलग होता है।"
