देवल संवाददाता,अतरौलिया/आजमगढ़।आजमगढ़ जिले की अतरौलिया विधानसभा में समाजवादी पार्टी के नेता हरिराम बागी द्वारा कथित रूप से ब्राह्मण समाज पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले ने राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। इस बयान के विरोध में ब्राह्मण समाज के लोगों ने कड़ा आक्रोश जताते हुए अतरौलिया पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी नेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना है कि किसी भी समाज या जाति विशेष के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। समाज के लोगों ने एकजुट होकर आरोपी नेता के बयान की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे नेताओं पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास न कर सके।
विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी राजनीतिक दल के नेता को समाज विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।
उधर, अतरौलिया पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
