जिलाधिकारी ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आगामी दिनों में भारी वर्षा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली तथा तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त करते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में तीव्र मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। विशेष रूप से गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन, राजस्व, पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य तथा नगर निकाय विभाग आपसी समन्वय के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु पूरी तैयारी रखें। संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने किसानों से भी अपील की कि मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा बिजली कड़कने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
प्रशासन द्वारा नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित तहसील, थाना या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 05271–244250, 244550 या टोल फ्री नंबर- 1077 को दें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
