देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सोमवार देर रात्रि कैंप कार्यालय में जनपद की खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं खेल अवसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में रॉबर्ट्सगंज स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम समेत विभिन्न खेल परिसरों में उपलब्ध सुविधाओं, खिलाड़ियों के आवास, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं और खेल गतिविधियों के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैडमिंटन हॉल, खेल छात्रावासों के सुदृ ढीकरण, खेल मैदानों के रखरखाव तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने बैडमिंटन कोर्ट, टेनिस कोर्ट एवं अन्य खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्टेडियम की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराई जाए। जहां भूमि उपलब्ध हो चुकी है, वहां निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने पर ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। इसलिए मिनी स्टेडियम निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी शमी मेहरोतरा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)