देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का भ्रमण कर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की।
दोपहर करीब 1:30 बजे सीएचसी शाहगंज पहुंचे सीएमओ ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सौरभ सिंह सहित अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति जांची तथा मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। प्रसव वार्ड में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैथोलॉजी विभाग का भी भ्रमण किया, जहां अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से हो रही जांच प्रक्रिया और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को देखा। एक्स-रे विभाग में तकनीशियन मनीष कुमार सिंह ने सीएमओ को बताया कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों का एक्स-रे कर उसकी रिपोर्ट स्क्रीनिंग व्यवस्था के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों तक भेजी जाती है। सीएमओ ने इस व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए। मेडिसिन विभाग में उन्होंने दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वयं कुछ दवाओं की जांच कर उनकी एक्सपायरी तिथि और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. शिवमूरत सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। पैथोलॉजी विभाग में विनोद श्रीवास्तव, अंकित द्विवेदी, विनय कुमार, विमलेश पटेल, कृष्ण कुमार तथा वार्ड ब्वॉय कमला भी अपने कार्य पर मौजूद रहे।
.jpg)