देवल संवाददाता, आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत एक युवक को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो/रील वायरल हुई थी, जिसमें सागिल पुत्र रसीद अहमद निवासी मातवरगंज, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ द्वारा “नवाब शगिल छोटा अभिषेक सिंह बाबू आजमगढ़ की शान” लिखकर वीडियो पोस्ट किया गया था। पुलिस जांच में पाया गया कि उक्त पोस्ट से आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती थी तथा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान सागिल पुत्र रसीद अहमद के रूप में की। इसके बाद 21 जून 2026 को उसे पुलिस हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगू तथा कांस्टेबल नीरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, आपराधिक वर्चस्व अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल दिखाना पड़ा भारी,ऑपरेशन वज्रपात’ में युवक गिरफ्तार
जून 22, 2026
0
Tags
