आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 25 जून। जिले में चल रही महत्वपूर्ण आधारभूत एवं स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ रेलखंड पर निर्माणाधीन चार लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) तथा सिकरारा में बन रहे 100 शैयायुक्त चिकित्सालय के कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने जौनपुर सिटी यार्ड स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 09-बी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-231 के अंतर्गत बनाए जा रहे चार लेन रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और कार्य की गति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा जून 2027 तक पूरा किया जाए। साथ ही कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आरओबी के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या का समाधान होगा तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों से नियमित निगरानी बनाए रखने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी सिकरारा पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर 100 शैयायुक्त चिकित्सालय का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं पाई गई। इसके अलावा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कार्य में तेजी लाकर समयबद्ध ढंग से परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर के बाहर परियोजना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना की लागत, कार्यदायी संस्था और निर्माण अवधि जैसी जानकारियां सार्वजनिक होने से पारदर्शिता बनी रहती है और आमजन को भी कार्य की प्रगति की जानकारी मिलती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
