देवल संवाददाता, मऊ। जनपद में उच्च गुणवत्ता युक्त सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने एवं किसानों को स्वस्थ एवं रोगमुक्त पौध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय अलंकृत उद्यान, चन्द्रभानपुर (मऊ) स्थित मिनी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आधुनिक इजरायली तकनीक के माध्यम से सब्जियों की पौध तैयार की जा रही है।उद्यान विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कद्दूवर्गीय सब्जियों की पौध 25 से 28 दिन तथा अन्य सब्जियों की पौध 30 से 32 दिन में तैयार की जाती है। किसान स्वयं का बीज उपलब्ध कराकर अपनी इच्छित फसल की पौध तैयार करा सकते हैं अथवा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली रोगमुक्त एवं स्वस्थ पौध भी प्राप्त कर सकते हैं।विभागीय व्यवस्था के तहत टमाटर, मिर्च,बैंगन,फूलगोभी एवं पत्तागोभी जैसी सोलानेसियस एवं क्रूसीफेरी वर्ग की सब्जियों के लिए किसानों को मात्र ₹2 प्रति पौध की दर से बुकिंग करानी होगी।विभागीय बीज से तैयार पौध की दर ₹1.75 प्रति पौध निर्धारित की गई है। इसी प्रकार करेला,लौकी, कद्दू,खरबूजा,तरबूज एवं तोरई जैसी लतावर्गीय सब्जियों की पौध विभागीय बीज से तैयार होने पर ₹2.70 प्रति पौध तथा किसान द्वारा स्वयं बीज उपलब्ध कराने पर ₹1.40 प्रति पौध की दर से उपलब्ध कराई जाएगी।उद्यान विभाग ने किसानों से अपील की है कि आगामी मौसम में संकर सब्जियों की खेती के लिए समय से बीज उपलब्ध कराकर पौध की बुकिंग सुनिश्चित करें। इससे खेतों में रोगग्रस्त पौध तैयार होने की समस्या से बचाव होगा तथा स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण पौध प्राप्त होने से उत्पादन एवं आय में वृद्धि होगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक से तैयार पौधों में कम वानस्पतिक वृद्धि के साथ शीघ्र फलन प्रारंभ होता है तथा प्रति हेक्टेयर पौधों की संख्या अधिक होने से कुल उत्पादन में भी वृद्धि होती है। किसानों की मांग के अनुसार वर्ष भर विभिन्न समय पर पौध उत्पादन कर उपलब्ध कराया जा सकता है।जनपद के समस्त कृषक बंधुओं से नवीन तकनीकों को अपनाकर अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु उद्यान विभाग से संपर्क करने की अपील की गई है।संपर्क सूत्र: 9151066856, 8009664663, 8112529598, 9984802065, 9565993738।
