आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जौनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की कड़ी में बुधवार को नगर क्षेत्र में विशेष अभियान आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित "शक्ति मोबाइल टीम" ने विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
अभियान के दौरान शक्ति मोबाइल टीम ने छात्राओं और महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सहायता सेवा 112, महिला सहायता हेल्पलाइन 181 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को सतर्क किया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, फर्जी लिंक और संदिग्ध कॉलों से सावधान रहने के साथ-साथ डिजिटल उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में बिना घबराए पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
शक्ति मोबाइल टीम ने छात्राओं की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है। टीम ने कहा कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, पीछा करने जैसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान आम नागरिकों को भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और सुरक्षित एवं सकारात्मक सामाजिक वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।
इस जागरूकता अभियान में प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पा, मुख्य आरक्षी शिव बदन, मुख्य आरक्षी काशीनाथ यादव, आरक्षी मनोज यादव, महिला आरक्षी आरती पाण्डेय तथा महिला आरक्षी रोहणी राठौर सक्रिय रूप से शामिल रहीं।
जौनपुर पुलिस ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षित और सशक्त समाज की स्थापना हो सके।
