देवल संवाददाता, मऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति,मऊ द्वारा खड़िया नाला क्षेत्र स्थित रमाशंकर सिंह महाविद्यालय,मखना पिंडोहरी (रतनपुरा ब्लॉक) में एक भव्य एवं प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 से अधिक छात्र-छात्राओं,ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के प्रति अपनी जागरूकता एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन वातावरण में योग मंत्र एवं सर्वे भवन्तु सुखिनः,सर्वे सन्तु निरामयाः की मंगलकामना के साथ किया गया,जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके उपरांत योग प्रशिक्षक कन्हैयालाल बरनवाल द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को क्रमबद्ध रूप से विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उन्होंने सरल एवं प्रभावी ढंग से योग के शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी दी,जिससे ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को योग अपनाने के लिए प्रेरणा मिली।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल कुमार जायसवाल उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है,बल्कि मानसिक संतुलन एवं जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण भी प्रदान करता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति की महान परंपरा,नदियों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उपस्थित जनसमूह को शपथ भी दिलाई।कार्यक्रम के दौरान लोकगीत गायिका श्रीमती मंजू चौहान ने अपने प्रेरणादायक गीत पतंजलि तेरी खोज ने जीवन सजा दिया है, स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग सिखा दिया है के माध्यम से योग के महत्व को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनके गीत ने उपस्थित लोगों में उत्साह एवं जागरूकता का संचार किया तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र नाथ द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। साथ ही,स्वास्थ्य विभाग मऊ की ओर से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया,जिसमें चिकित्सकों द्वारा उपस्थित वृद्धजनों एवं विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।कार्यक्रम का संयोजन डॉ. हेमंत यादव,जिला परियोजना अधिकारी,द्वारा किया गया। इस आयोजन में प्रबंधक जयप्रताप सिंह डॉ. देवेंद्र नाथ,डॉ. शिवप्रताप सिंह, डॉ.अंजनी कुमार सिंह,डॉ. रोहित सिंह,डॉ. राजेंद्र भास्कर,डॉ. पंकज त्यागी,राजेश कुमार,संतोषी तिवारी,श्रीचंद राम,विशाल यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ,बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक एकता का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित करने में सफल रहा।
