देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत गुरुवार को केनरा बैंक की राबर्ट्सगंज शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मृतक खाताधारकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए की बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से इससे जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित मंडल प्रबंधक राज प्रकाश सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु से परिवार को होने वाली क्षति की भरपाई किसी भी धनराशि से नहीं की जा सकती, लेकिन सरकार द्वारा संचालित बीमा योजनाएं कठिन परिस्थितियों में परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बेहद कम प्रीमियम पर आमजन को सुरक्षा कवच उपलब्ध कराती है। शाखा प्रबंधक विश्वदीप मिश्रा ने बताया कि शाखा के खाताधारक कुंवर धीरेंद्र विक्रम की दिल्ली में लिफ्ट में आग लगने की दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई थी। उन्होंने बैंक मित्र शक्ति पाल के माध्यम से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। घटना के बाद परिजनों द्वारा बैंक से संपर्क किए जाने पर सभी आवश्यक विभागीय एवं बैंकिंग प्रक्रियाएं पूरी कर मृतक की माता को दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना जनित मृत्यु अथवा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में दो लाख रुपये तक का बीमा लाभ मिलता है। यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। शाखा प्रबंधक ने सभी पात्र खाताधारकों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना समेत केंद्र सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बैंकिंग समस्या या योजना संबंधी जानकारी के लिए ग्राहक सीधे शाखा से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के मंडल प्रबंधक राज प्रकाश सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक वेद प्रकाश अधिकारी, सहायक प्रबंधक धर्मवीर सिंह, ऋण अधिकारी जितेंद्र यादव, पवन कुमार गुप्ता, रोहित कुमार शर्मा, बैंक मित्र शक्ति पाल, संदीप कुमार सहित अन्य बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg)