देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। वर्षाकाल के दौरान बाढ़ से जन-धन की सुरक्षा तथा प्रभावी बाढ़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अष्टभुजा निरीक्षण गृह मिर्जापुर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की संयुक्त अंतर्राज्यीय बाढ़ नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता विन्ध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश एवं रीवा मण्डल के मण्डलायुक्त बी.एस. जामोद ने किया।
बैठक में सोनभद्र, मिर्जापुर, रीवा एवं मऊगंज जनपदों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए बाढ़ राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि जनपद में बाढ़ नियंत्रण एवं राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में संबंधित राज्यों एवं जिलों को समय से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में मेजा, अदवा एवं सिरसी जलाशयों के संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान यह सहमति बनी कि मेजा एवं अदवा बांध से 80 हजार क्यूसेक से अधिक पानी नहीं छोड़ा जाएगा। साथ ही जल छोड़ने से पूर्व दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच व्हाट्सएप एवं दूरभाष के माध्यम से समयबद्ध सूचना साझा की जाएगी। अधिकारियों ने बाढ़ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कंट्रोल रूम, वायरलेस सिस्टम एवं व्हाट्सएप ग्रुप को सक्रिय रखने तथा दोनों राज्यों के बीच सतत समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में कहा गया कि आपसी सहयोग एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान से बाढ़ की संभावित परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।
.jpg)