देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विंढमगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा युवक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर परिजनों ने आभार व्यक्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश एवं सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर
पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में विंढमगंज थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को थाना विंढमगंज में गुमशुदगी क्रमांक-05/2026 दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पतरिहा निवासी 25 वर्षीय अंकित चौबे पुत्र उमाशंकर चौबे घर से गढ़वा जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल युवक की तलाश शुरू कर दी। गुरुवार को उपनिरीक्षक नन्दकिशोर यादव पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन विंढमगंज पहुंचे, जहां से गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता एवं प्रभावी कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नन्दकिशोर यादव, हेड कांस्टेबल बजरंग यादव एवं कांस्टेबल प्रशांत मिश्रा शामिल रहे।
.jpg)