आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद। जौनपुर क्षेत्र के सुल्तानपुर बिहरोजपुर गांव में गुरुवार भोर में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण एक मकान की दीवार भरभराकर पड़ोसी के घर और टीनशेड पर गिर गई, जिसके नीचे दबकर एक मासूम सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी जगधारी यादव और पंधारी यादव के मकान की दीवार उनके पड़ोसी जगदीश यादव के घर से सटी हुई थी। भोर में आए तेज तूफान के दौरान यह दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरने से जगदीश यादव के घर से लगा टीनशेड और मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय टीनशेड के नीचे सो रही जगदीश यादव की पत्नी रेखा देवी (45), पुत्री प्रिया यादव (18), पुत्र (18) तथा छह वर्षीय नाती मलबे में दब गए। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने रेखा देवी और प्रिया यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया, जबकि अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
