आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान घाट मोहल्ले में एक युवक द्वारा कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आत्महत्या से पहले बनाए गए युवक के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है। वीडियो में युवक ने अपनी पत्नी तथा ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान वासु सेठ उर्फ रमन (26) पुत्र महेश सेठ, निवासी हनुमान घाट, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उसकी शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व भदोही जनपद के नवघन ऊज गांव में हुई थी। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
बताया जा रहा है कि घटना से पूर्व युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह भावुक अवस्था में दिखाई दे रहा है तथा अपनी पत्नी, साली और अन्य ससुरालीजनों पर लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहा है। युवक ने दावा किया है कि पारिवारिक तनाव और लगातार हो रही मानसिक परेशानी के कारण वह यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मोहल्ले में भी शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक मिलनसार स्वभाव का था और उसकी मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वायरल वीडियो की सत्यता तथा युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों और मानसिक तनाव के गंभीर परिणामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
