आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना सिकरारा और सुजानगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी, अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पशु और जेसीबी मशीन बेचने के नाम पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को जाल में फंसाते थे और फिर उन्हें बंधक बनाकर लाखों रुपये की वसूली करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद अलीम (27 वर्ष) निवासी रानीमऊ, थाना खेतासराय, जनपद जौनपुर तथा जितेन्द्र यादव (31 वर्ष) निवासी धरौली, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य OLX और Animal App जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पशु एवं जेसीबी मशीन बिक्री के आकर्षक और फर्जी विज्ञापन पोस्ट करते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले खरीदारों को सौदा तय करने के बहाने जौनपुर बुलाया जाता था। इसके बाद उन्हें सुनसान स्थानों पर ले जाकर बंधक बनाया जाता और मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से बड़ी रकम वसूल ली जाती थी।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के खिलाफ विभिन्न जनपदों से कई शिकायतें सामने आई हैं। एक मामले में भैंस खरीदने पहुंचे व्यक्ति से लगभग 1.93 लाख रुपये की वसूली की गई थी। वहीं जेसीबी खरीदने आए कुछ लोगों से करीब 12 लाख रुपये जबरन वसूले गए। हाल ही में मिर्जापुर जनपद के दो व्यक्तियों को भी इसी तरह फंसाकर उनसे लगभग 1.41 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर बुधवार को घोरहा नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और पीड़ितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, गौ-तस्करी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ऑनलाइन खरीदारी करने वालों के लिए चेतावनी: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि OLX, Animal App या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किसी भी सौदे से पहले विक्रेता की पूरी जानकारी सत्यापित करें और सुनसान स्थानों पर जाकर लेन-देन करने से बचें।
.jpeg)