देवल संवाददाता, मऊ।जनपद के जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था,बैरकों,रसोईघर, चिकित्सीय सुविधाओं एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने कारागार परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा परिसर को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक बनाए रखा जाए। उन्होंने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रसोईघर का भी निरीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदियों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भोजन सामग्री के भंडारण एवं स्वच्छता मानकों का भी अवलोकन किया।जिलाधिकारी ने कारागार में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से कराए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय से समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कारागार प्रशासन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन के अधिकारियों द्वारा कारागार में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने समस्त व्यवस्थाओं को सुचारु,सुरक्षित एवं मानकानुसार संचालित किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर कारागार अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
