देवल संवाददाता, मऊ।जिला करी अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जनपद मऊ के राजू चौक (नुरूल्लाहपुर) स्थित देशी शराब दुकान पर आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में नेहा यादव, आबकारी निरीक्षक,मो. अदनान खान,आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 घोसी सहित आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान दुकान पर कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पाया गया कि जनपद आजमगढ़ स्थित देशी शराब दुकान से शराब लाकर राजू चौक (नुरूल्लाहपुर) की दुकान पर अवैध रूप से संग्रहित एवं विक्रय की जा रही थी। मौके से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई।प्रकरण में दुकान के आवंटी/अनुज्ञापी एवं विक्रेता के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई। साथ ही जिलाधिकारी/लाइसेंस प्राधिकारी, मऊ द्वारा देशी शराब दुकान राजू चौक (नुरूल्लाहपुर) के अनुज्ञापन को निलंबित कर दिया गया है तथा संबंधित को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। जनपद प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब के निर्माण,भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
