कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।बढ़ते मरीजों की संख्या और जनहित को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ओपीडी का समय बढ़ाकर अब शाम 4 बजे तक कर दिया है। इस निर्णय से दूर-दराज से आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि किसी भी मरीज को बिना इलाज कराए वापस नहीं लौटने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। कई मरीज दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचते हैं, लेकिन समय के अभाव में उन्हें बिना इलाज वापस लौटना पड़ता था।
इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने ओपीडी का समय बढ़ाने का फैसला लिया है। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह जनहित में लिया गया है ताकि अधिक से अधिक मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
मरीजों और उनके परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि ओपीडी का समय बढ़ने से अब उन्हें इलाज के लिए जल्दबाजी नहीं करनी पड़ेगी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
