आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत, जौनपुर। तहसील क्षेत्र के देवकली बाजार में रविवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवकली बाजार निवासी सीमा देवी (40 वर्ष) सुबह अपने घर के बाहर पुत्र के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमा देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनका पुत्र भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बच्चे को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतका सीमा देवी अपने पीछे पति, चार पुत्रों और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव और बाजार क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंचने लगे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
