आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर द्वारा टाउन हॉल मैदान में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से आमजन, विशेषकर छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडरों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह "प्रिंसू" ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर सरकार छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडरों को 30 हजार रुपये तक का क्रेडिट कार्ड भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने छोटे कारोबारियों को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक पहचान भी प्रदान की है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, महिला और किसान वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के सकारात्मक परिणाम आज समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. राम सूरत मौर्या ने कहा कि सरकारी योजनाएं केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन समाज के आर्थिक विकास को नई दिशा दे रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कहा कि पालिका क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों तक सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल मिला है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है और उनके व्यवसाय को नई गति मिली है।
महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं की सहायता से उन्हें स्वरोजगार बढ़ाने, व्यवसाय विस्तार करने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर कर अधीक्षक अंजू राय, सिटी मिशन मैनेजर जितेंद्र सिंह, सभासद राहुल साहू, संदीप चौधरी, राजस्व निर्धारण अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, कर विभाग के राजस्व निरीक्षक, लिपिक एवं कर संग्रहकर्ता, राजस्व लिपिक रिजवान हैदर, यूनियन बैंक एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और लाभार्थी उपस्थित रहे।
