अतरौलिया पुलिस ने 24 घंटे के भीतर युवक को किया गिरफ्तार, निशानदेही पर अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
देवल संवाददाता, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार* के निर्देशन में जनपद में संचालित *"ऑपरेशन वज्रपात"* के अंतर्गत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति, दबंगई एवं अवैध असलहों के प्रदर्शन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 26.06.2026 को चौकी प्रभारी बूढ़नपुर उ0नि0 विश्वजीत पाण्डेय मय पुलिस टीम बूढ़नपुर बाजार में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम नीरज पुत्र राजबहादुर निवासी भैरोपुर, थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 22 वर्ष बताया ।
जांच के दौरान अभियुक्त के मोबाइल फोन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध तमंचे के साथ उसकी फोटो प्राप्त हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उक्त तमंचा उसका है, जिसे उसने अपने घर के पीछे मिट्टी में छिपाकर रखा है। पुलिस टीम अभियुक्त को साथ लेकर उसके बताए स्थान पर पहुँची, जहाँ उसकी निशानदेही पर मिट्टी में छिपाकर रखा गया एक अदद देशी तमंचा .315 बोर एवं एक अदद मिस कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।
अभियुक्त द्वारा अवैध असलहा रखना तथा उसका सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करना आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न करने वाला कृत्य है। बरामदगी के आधार पर थाना अतरौलिया पर *मु0अ0सं0- 254/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट* के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अभियान के दौरान थाना अतरौलिया पुलिस द्वारा युवाओं एवं उनके अभिभावकों की उपस्थिति में थाना परिसर में काउंसलिंग भी की गई। उन्हें कानून व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
