देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुण्डाडीह गांव निवासी राजदेव सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र को ही हत्यारा बताया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी तथा जले हुए खून लगे कपड़ों की राख बरामद कर ली है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने मामले की गहन जांच करते हुए घटना का पर्दाफाश किया। गौरतलब है कि 29 मई को कुण्डाडीह निवासी राजदेव सिंह का शव कटौंधी जंगल क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पुत्र रवि कुमार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के एक महिला से कथित अवैध संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान और आक्रोशित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी 29 मई को अपने पिता को जमीन दिखाने के बहाने कटौंधी जंगल क्षेत्र में ले गया। सुनसान स्थान पर पहले गमछे से दबाव बनाकर उन्हें गिराया, फिर पत्थर से सिर पर वार किया और सर्जिकल ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने साक्ष्य मिटाने के लिए खून लगे कपड़े जला दिए और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से स्वयं अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी और जले हुए कपड़ों की राख बरामद कर ली है। बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में साक्ष्य नष्ट करने की धारा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। घटना के खुलासे में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार राय, आरक्षी प्रमोद कुमार, रामजीत एवं राजप्रबल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.jpg)