आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 01 जून। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जनपद की मेधावी छात्रा अनुराधा विश्वकर्मा को "मेधावी विद्यार्थी सम्मान-2026" से सम्मानित किया गया। अनुराधा विश्वकर्मा, टी.डी. इंटर कॉलेज, जौनपुर की छात्रा हैं तथा उन्होंने जनपद में चौथा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है।
सम्मान समारोह में अनुराधा को उनकी शैक्षिक उपलब्धि के लिए 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिया गया।
इस अवसर पर टी.डी. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अनुराधा ने अपनी प्रतिभा और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और विद्यालय परिवार को उस पर गर्व है।
प्रधानाचार्य डॉ. सिंह ने आगे की उच्च शिक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की आर्थिक कठिनाई आने पर विद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सम्मान समारोह के दौरान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरक उद्बोधन का भी विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रवण किया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और समाज के लिए प्रेरणा बनने का संदेश दिया गया।
छात्रा की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अनुराधा के अभिभावकों तथा विद्यालय परिवार को भी इस उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
