देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जन शिकायतों की सुनवाई एवं उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को जिले के सभी नगरीय निकायों में समाधान दिवस (संभव) का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने की।
समाधान दिवस के दौरान जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें नगर पालिका परिषद सोनभद्र में दो, नगर पंचायत घोरावल में एक, चुर्क-घुर्मा में दो, चोपन में चार, ओबरा में चार, रेनुकूट में एक, पिपरी में दो, दुद्धी में दो, डाला बाजार में एक तथा अनपरा में एक शिकायत दर्ज की गई। प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, मार्ग प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित थीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी निकायों में गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालिका कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
.jpg)