देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के निस्तारण हेतु जिला सैनिक बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।बैठक में पूर्व सैनिक ओम प्रकाश राय ने बनारस में भूमि लिखाने के नाम पर धनराशि ठगे जाने की शिकायत प्रस्तुत की। रामानंद चौहान ने नाली विवाद, लेखपाल द्वारा कथित अनियमितता तथा रिकॉर्ड रूम में नक्शा उपलब्ध न होने की समस्या रखी। कांति देवी ने खेत तक पहुंचने के लिए मार्ग की मांग की। राम सिंह ने अपने पिता के नाम निर्गत शस्त्र लाइसेंस को अपने नाम स्थानांतरित किए जाने का अनुरोध किया। सुखदेव राम ने खतौनी में नाम संशोधन तथा शिवचंद्र राम ने जिला सैनिक बंधु की नियमित बैठक आयोजित किए जाने की मांग रखी।इसी प्रकार बृजराज ने अपने मजरे में आवागमन हेतु मार्ग उपलब्ध कराने, छोटे लाल एवं रमापति राम ने धारा-24 के अंतर्गत लंबित पुराने वादों के निस्तारण के साथ पक्की पैमाइश कराने तथा रामाशीष ने अधिग्रहित भूमि के संबंध में अनुदान दिलाए जाने की मांग की। चंद्रपाल सिंह ने जनपद में सीएसडी कैंटीन न होने से संबंधित समस्याओं को उठाया। संतोष कुमार सिंह ने जीवन रेखा हॉस्पिटल के निकट मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने,नाली को ढकने तथा पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अतिरिक्त अन्य पूर्व सैनिकों ने भी विभिन्न व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।जिलाधिकारी ने सभी पूर्व सैनिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। भूमि संबंधी विवादों का राजस्व विभाग की टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में वर्षों से लंबित वादों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की स्थिति स्वीकार्य नहीं है तथा ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला सैनिक बंधु की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी,जिससे पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने पूर्व सैनिकों से जनसुनवाई कार्यक्रमों में भी अपनी शिकायतें प्रस्तुत करने का आग्रह किया। जिलाधिकारी ने विश्वास दिलाया कि बैठक में प्रस्तुत अधिकांश समस्याओं के निस्तारण का प्रयास अगली बैठक से पूर्व ही कर लिया जाएगा। जिन मामलों का संबंध नीतिगत स्तर से है,उनके समाधान हेतु शासन स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा।बैठक में सैनिक कल्याण अधिकारी,विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।
