देवल संवाददाता, मऊ। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,लखनऊ के निर्देशों तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ संजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण,कर्मचारीगण एवं अधिवक्तागण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश संजय कुमार यादव द्वारा कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं,बल्कि मानव जीवन के लिए स्वच्छ वायु,जल संरक्षण एवं जैव विविधता के संरक्षण में भी अत्यंत आवश्यक हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देना चाहिए।प्रभारी सचिव अरुणांजलि सिंह ने उपस्थित सभी सम्मानित अधिकारीगण,कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने निवेदनार्थ आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहकर निरंतर एवं नियमित दिनचर्या बनाये जाने का प्रयास लोकहितकारी होगा।
