देवल संवाददाता, मऊ।जनपद में आगामी 08, 09 एवं 10 जून, 2026 को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण,निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने पुलिस लाइन सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों,सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा आयोजन में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा,सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही,शिथिलता अथवा अनियमितता किसी भी स्तर पर पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। प्रत्येक पाली में 8,256 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी।उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन कर लें तथा परीक्षा अवधि में निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा,अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था,पेयजल,विद्युत, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में पुलिस अधीक्षक ने भी परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सभी अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा नियमों के उल्लंघन की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति पूर्णतः सजग रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी,सेक्टर मजिस्ट्रेट,स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
