आमिर, देवल ब्यूरो ,बक्शा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के मई गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
मृतक की पहचान सुमित कुमार सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमित किसी कार्य से गांव में बाइक बनवाने आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर बांस-बल्ली और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवक की मौत से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
