आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों, जिनमें दृष्टि कोचिंग संस्थान और विद्यापीठ सहित अन्य शिक्षण केंद्र शामिल रहे, का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवनों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की स्थिति, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, भवन की संरचना तथा आपदा की स्थिति में बचाव संबंधी प्रबंधों की जांच की।
जांच के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पाई गईं। इस पर प्रशासन ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी परमानंद झा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कोचिंग संस्थानों को निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन संस्थानों द्वारा सुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी की जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हलचल देखी गई। वहीं अभिभावकों ने भी सुरक्षा मानकों की जांच को आवश्यक बताते हुए प्रशासन की पहल का स्वागत किया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
