आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीबनमऊ गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति का शव उसके घर में पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान संतोष गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामलखन गुप्ता निवासी बीबनमऊ गेट के पास, नेशनल हाईवे बाईपास रोड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना सोमवार की देर रात की है, जबकि मंगलवार भोर में इसकी जानकारी परिजनों को हुई। शव को फंदे से लटका देख परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार संतोष गुप्ता अपनी वृद्ध माता के साथ रहते थे और घर के पास ही किराने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक उनकी पत्नी पिछले लगभग दस वर्षों से पुत्र और पुत्री के साथ अपने मायके वाराणसी में रह रही थी तथा पति-पत्नी के बीच तलाक का मुकदमा भी न्यायालय में चल रहा था। घटना के समय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी।
ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और वैवाहिक तनाव के कारण संतोष लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। चर्चा यह भी है कि वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले में न्यायालय ने पत्नी के पक्ष में फैसला दिया था, जिसके बाद मृतक को कुछ समय के लिए जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि इन बातों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय व्यापारी मौके पर पहुंच गए। संतोष की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने उन्हें मिलनसार और शांत स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
मृतक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव और कस्बे में शोक का माहौल बना हुआ है।
