आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थाना नेवढ़िया में प्रभारी निरीक्षक स्तर पर फेरबदल किया है। एसएसपी के आदेश पर नेवढ़िया थानाध्यक्ष रहे राजाराम द्विवेदी को हटाते हुए वर्तमान में शिकारपुर चौकी प्रभारी के पद पर तैनात निखिलेश तिवारी को नेवढ़िया थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति के बाद नवनियुक्त थानाध्यक्ष निखिलेश तिवारी ने कार्यभार ग्रहण करते हुए क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर जनविश्वास को मजबूत बनाया जाएगा। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
निखिलेश तिवारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी।
नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद क्षेत्र में पुलिसिंग को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। स्थानीय लोगों ने भी अपेक्षा जताई है कि उनकी अगुवाई में थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।
