देवल, ब्यूरो चीफ,बीना/अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा क्षेत्र में काशी मोड़ से अनपरा बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के समीप उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम की भूमि पर कथित रूप से अवैध बालू भंडारण किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों ने इसे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से निगम की भूमि पर बड़ी मात्रा में बालू का भंडारण किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि संबंधित व्यक्तियों के पास इसके लिए वैध अनुमति नहीं है तो यह सरकारी भूमि के दुरुपयोग और अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। शिकायत सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के सहायक अभियंता (सिविल) सुजीत कुमार ने बताया कि प्रकरण की जानकारी मिली है। मामले की जांच के लिए सुरक्षा कर्मियों को मौके पर भेजा जाएगा तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं महाप्रबंधक (सिविल) निशीथ शर्मा ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय नागरिकों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बालू का भंडारण किया गया है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निगम की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की भी मांग उठाई गई है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें उत्पादन निगम प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। उनका कहना है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए।
.jpg)