देवल, ब्यूरो चीफ,ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा सर्किल को नए क्षेत्राधिकारी के रूप में प्रभात राय का नेतृत्व मिल गया है। वर्ष 2014 बैच के पीपीएस अधिकारी प्रभात राय ने कार्यभार संभालते ही क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था, जनसुनवाई और समयबद्ध समस्या निस्तारण को प्राथमिकता देने के संकेत दिए हैं।
प्रभात राय इससे पहले गोरखपुर, मिर्जापुर और भदोही जैसे महत्वपूर्ण जनपदों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पुलिसिंग के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि ओबरा सर्किल की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। ओबरा, जहां एक ओर ताप विद्युत परियोजना और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, वहीं दूसरी ओर यहां की सामाजिक और प्रशासनिक चुनौतियां भी अलग प्रकृति की हैं। ऐसे में नए क्षेत्राधिकारी के सामने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में युवाओं के बीच बढ़ रहे आपसी विवादों और वर्चस्व की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सामाजिक सहभागिता आधारित पहल की भी तैयारी की जा रही है। इसके तहत शांति समिति को सक्रिय करने तथा समाज के प्रबुद्ध, वरिष्ठ एवं जिम्मेदार लोगों को
जोड़कर संवाद और जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर विचार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि एक अनुभवी अधिकारी के रूप में प्रभात राय की कार्यशैली ओबरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेगी तथा फरियादियों को समयबद्ध और प्रभावी न्याय दिलाने में सहायक साबित होगी। नए क्षेत्राधिकारी के आगमन से नगरवासियों को प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है।
.jpg)