आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद ने दावा किया है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जौनपुर जनपद की नौ विधानसभा सीटों में से कम से कम तीन सीटों पर कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में इंडिया गठबंधन प्रदेश में मजबूत प्रदर्शन करेगा और सरकार बनाने में सफल होगा।
सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक नदीम जावेद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार हत्या, बलात्कार और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। उनका आरोप था कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं तथा युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में चर्चित खेतासराय क्षेत्र के दूल्हा हत्याकांड का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा आरोपियों को संरक्षण दिए जाने की चर्चा हो रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पूर्व विधायक ने बक्सा थाना क्षेत्र के कोली गांव और केराकत क्षेत्र में हुए सरोज हत्याकांड का भी जिक्र करते हुए कहा कि अपराध की घटनाएं आम जनता के बीच असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। उन्होंने इन मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
पत्रकार वार्ता के दौरान नदीम जावेद ने राम मंदिर के दानपात्र से कथित चोरी की घटना का भी उल्लेख किया और मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं की पारदर्शी जांच होना आवश्यक है ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।
आगामी विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगा और प्रदेश की जनता बदलाव के पक्ष में निर्णय लेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की संभावना मजबूत है।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान तेज करने की बात कही।
