देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज घोसी चीनी मिल परिसर का निरीक्षण कर संचालित मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिल प्रशासन से मरम्मत कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।जिलाधिकारी ने चीनी मिल के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी पेराई सत्र को ध्यान में रखते हुए सभी मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न किए जाएं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मशीनों,उपकरणों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यकतानुसार समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय से मरम्मत कार्य पूर्ण होने से आगामी पेराई सत्र का संचालन सुचारु रूप से किया जा सकेगा तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति की समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को मरम्मत कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
