कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त नगर निकायों में बेहतर सफाई व्यवस्था एवं जल निकासी व्यवस्था को सुनिश्चित रखने की दृष्टि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु की उपस्थिति में जनपद के समस्त नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों एवं सत्यापन कमेटी के सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु को कुछ ही समय शेष बचे हैं अतः सभी नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी नालों का अभियान चलाकर बेहतर सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को नालों की सफाई की नालेवार एवं तिथिवार कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार वर्षा ऋतु/मानसून से पहले सभी नालों की सफाई अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही उन्होंने प्रत्येक नाले की सफाई के उपरांत सत्यापन कमेटी द्वारा सफाई की स्थिति/गुणवत्ता का सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब तक जिन नालों की सफाई हो गई है, संबंधित सत्यापन टीम उनका सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई बेहतर ढंग से हो। जल निकासी में कोई समस्या ना हो का विशेष ध्यान दिया जाए।
