देवल संवाददाता, गाजीपुर। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में तथा मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से आच्छादन की स्थिति के आकलन एवं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित कराए जाने हेतु विकासखंड जखनिया में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से गठित स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़े सभी पात्र सदस्यों का योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनका चिन्हांकन कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें लाभान्वित किया जाए।कार्यशाला के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उज्ज्वला योजना, स्वरोजगार एवं आजीविका से संबंधित विभिन्न योजनाओं सहित अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं मिशन से जुड़े कर्मचारियों को निर्देशित किया कि समूह की महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास एवं वित्तीय सहायता से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया। जिलाधिकारी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा समूहों को मजबूत बनाने एवं उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही ग्रामीण विकास को नई दिशा मिल सकती है। कार्यशाला में जिलाधिकारी ने ए0डी0ओ समाज कल्याण जखनियॉ के कार्य में लापरवाही पाये जाने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी द्वारा ब्लाक परिसर में पौधरोपण किया गया तथा स्वयं सहायता समूह के अन्तर्गत बनाये गये प्रेरणा कैन्टिन का फीता काटकर शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं पात्रता की प्रक्रिया से उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने समूह सदस्यों से अपील की कि वे स्वयं योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करें। जिलाधिकारी ने अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यशाला में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ, ब्लाक प्रमुख जखनियॉ, खण्ड विकास अधिकारी जखनियॉ, एल0डी0एम0, जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े कर्मचारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने कार्यो में लापरवाही करने पर एडीओ समाज कल्याण जखनियॉ का रोका वेतन
जून 30, 2026
0
Tags
