आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने की। समीक्षा के दौरान कई विभागों के कार्यों पर सवाल उठे, जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में राशन वितरण व्यवस्था, गैस बुकिंग में आ रही समस्याएं, अंत्योदय कार्ड, महिला जागरूकता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, बारात घर निर्माण, मंडी परिषद के विकास कार्य, राष्ट्रीय राजमार्गों पर संकेतक बोर्ड, ब्लैक स्पॉट, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं, खाद एवं यूरिया की उपलब्धता, अस्पतालों की व्यवस्थाएं, नहरों की सफाई, सामुदायिक शौचालय, जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता, वृक्षारोपण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, लो वोल्टेज और जर्जर विद्युत तारों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराने और वर्षा से पूर्व आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान रेलवे विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी जताई। इस पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने रेलवे विभाग से स्पष्टीकरण मांगने तथा अगली बैठक में स्थिति स्पष्ट करने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि दिशा समिति की बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन कराया जाएगा। बैठक में सांसद प्रिया सरोज, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, विधान परिषद सदस्य, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
