आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से शनिवार को थाना लाइन बाजार में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने स्वयं मौजूद रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों और अन्य शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करें और केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए।
अधिकारियों ने मौजूद राजस्व एवं पुलिस कर्मियों को यह भी निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी के.के. सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
