आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जौनपुर इकाई ने प्रदेश के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
यह ज्ञापन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री/पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल के निर्देश तथा प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह ‘इंदु’ के नेतृत्व में जिला महामंत्री आरिफ हबीब खान की अगुवाई में जिलाधिकारी सैमुअल एन. पाल को सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग की गई। साथ ही दुकानों में आगजनी, दुर्घटना अथवा अन्य आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए एक करोड़ रुपये तक के बीमा कवरेज की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया।
व्यापार मंडल ने विभागीय बकाया राशि अथवा जीएसटी रिटर्न विलंब से जमा होने पर लगाए जाने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत किए जाने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि वर्तमान ब्याज दर व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालती है।
ज्ञापन में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जारी किए जाने वाले व्यापारिक लाइसेंसों को आजीवन मान्यता प्रदान करने की मांग भी की गई। इसके अलावा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर होने वाले सर्वेक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई को पूरी तरह कानून सम्मत और पारदर्शी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया गया।
बिजली संबंधी समस्याओं का उल्लेख करते हुए व्यापार मंडल ने कहा कि जब बिजली बिल मीटर रीडिंग के आधार पर लिया जाता है, तो फिक्स चार्ज एवं न्यूनतम शुल्क की व्यवस्था समाप्त की जानी चाहिए। इससे छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत मिलेगी।
व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए संगठन ने पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की भी मांग की। पदाधिकारियों का कहना था कि कई व्यापारी नकदी और मूल्यवान सामान के कारोबार से जुड़े होते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार व्यापारिक समुदाय की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री आरिफ हबीब खान, नगर अध्यक्ष धनश्याम साहू, जिला कोषाध्यक्ष उमेशचंद गुप्त, नगर महामंत्री आलोक रंजन सिन्हा, युवा जिला अध्यक्ष अरुण शुक्ल तथा युवा जिला उपाध्यक्ष सुमित कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस संबंध में जानकारी जिला महामंत्री आरिफ हबीब खान द्वारा दी गई।
