आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 31 मई 2026। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सद्भावना क्लब, जौनपुर द्वारा "तंबाकू मुक्त भारत अभियान" के तहत सद्भावना पुल पर एक जागरूकता एवं हस्ताक्षर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों एवं क्लब सदस्यों ने हस्ताक्षर कर तंबाकू का सेवन न करने तथा अपने परिवार और समाज को भी तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू आज अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण बन चुका है। इसके सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में सद्भावना क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद रज़ा खान, पूर्व अध्यक्ष लालजी यादव, श्रावण साहू (मधुसूदन बैंकर्स), हफीज़ शाह, शाहबाज़ खान, धीरज गुप्ता, लोकेश जावा, सैयद फरोग अहमद, चंद्रेश मौर्य, अभिनंदन त्रिपाठी, सूरज मौर्य, अतीत मौर्य, प्रखर गुप्ता सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक रविकांत जायसवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं क्लब के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य, सचिव हर्ष माहेश्वरी एवं कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया— "तंबाकू छोड़ें, जीवन से नाता जोड़ें।" इसके साथ ही सभी ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने लोगों को तंबाकू के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
