आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने जनपद में विशेष “ड्रिंक एंड ड्राइव” अभियान शुरू किया है। यह अभियान शहर के प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात विभाग द्वारा जेसीज चौराहा, सिपाही चौराहा और पॉलिटेक्निक चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के प्रथम चरण में 10 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण नशे की हालत में वाहन चलाना है। इससे न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य राहगीरों और यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है, जिससे कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यातायात विभाग का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। विभाग का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है तथा जन-धन की हानि को रोका जा सकता है।
.jpeg)