देवल संवाददाता, मऊ। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय आईटीआई सहादतपुर, मऊ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की तीन प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें हाईवे रूप प्रिसिजन टेक्नोलॉजी लिमिटेड, सीएनसी इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा सुजलान प्राइवेट लिमिटेड,राजस्थान शामिल रहीं।रोजगार मेले में जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 115 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न चरणों में आयोजित साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 53 बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों ने रोजगार का अवसर प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग का आभार जताया।इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप योग्य मानव संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।रोजगार मेले के सफल आयोजन में अपर सांख्यिकीय अधिकारी एम.आर. प्रजापति,प्रभारी रोजगार मेला राजकीय आईटीआई योगेन्द्र यादव,रहमान,श्याम सुंदर चौहान सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए रोजगार मेले का समापन किया गया।
