आमिर, देवल ब्यूरो ,मुंगराबादशाहपुर/जौनपुर। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती एक नाबालिग किशोरी के लिए मुसीबत बन गई। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद प्रेम प्रसंग में फंसी किशोरी घर से चली गई, जिसे पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार नगर के कटरा मोहल्ला (राधेश्याम कॉलोनी) निवासी एक किशोरी की कुछ माह पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से बाराबंकी निवासी मनीष कुमार से जान-पहचान हुई थी। मैसेंजर पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे मोबाइल कॉल और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। बीते शनिवार को किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी मनीष के साथ जंघई जंक्शन पहुंची थी, जहां से दोनों प्रयागराज होते हुए मुंबई चले गए। मुंबई में मनीष का मित्र राकेश रहता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा के निर्देशन में मुंबई, दिल्ली और लखनऊ के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गईं।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर मुंबई में दोनों की मौजूदगी का पता लगाया। मुंबई पहुंची टीम ने राकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें जानकारी मिली कि मनीष किशोरी को लेकर दिल्ली रवाना हो चुका है। इसी बीच पुलिस को दोनों की लोकेशन लखनऊ में मिली। तत्काल जीआरपी लखनऊ से संपर्क कर चारबाग रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कराई गई, जहां से दोनों को हिरासत में ले लिया गया। बाद में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
घटना के बाद नगर में तरह-तरह की अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन जांच में आरोपी की पहचान स्पष्ट होने के बाद सभी अफवाहों पर विराम लग गया।
क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा और थानाध्यक्ष अश्विनी दुबे ने बताया कि आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। किशोरी पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही मामले को लेकर भ्रामक और अफवाहपूर्ण जानकारी फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से 48 घंटे के भीतर किशोरी की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने राहत व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की है।
.jpeg)